सुल्तानपुर :
राम बुझारत वर्मा ‘किंशुक’ की स्मृति में सजा साहित्य का मंच,नौ प्रतिभाएं सम्मानित।।
दो टूक : साहित्यिक माधव महोत्सव में कवियों ने रचनाओं से बांधा समां, दिवंगत साहित्यकारों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।
विस्तार :
सुलतानपुर जनपद के जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के मूंगर स्थित आरएवीडी स्पेक्ट्रम परिसर में गुरुवार को श्याम चरित मानस लोक साहित्य न्यास के तत्वावधान में प्रख्यात साहित्यकार एवं श्याम चरित मानस के टीकाकार स्वर्गीय राम बुझारत वर्मा ‘किंशुक’ की स्मृति में साहित्यिक माधव महोत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। साहित्य, संस्कृति और काव्य की त्रिवेणी में देर शाम तक श्रोता सराबोर रहे।
आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक भूषण डॉ. आद्या प्रसाद सिंह ‘प्रदीप’ ने की। मुख्य अतिथि डॉ. राम प्यारे प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि दिनेश प्रताप सिंह ‘चित्रेश’, सुभाषचंद्र यादव ‘परदेशी’ और मानस टीकाकार आचार्य राम दयाल सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन आशुकवि मथुरा प्रसाद सिंह ‘जटायु’ ने किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अतिथियों, साहित्यकारों, विद्यालय प्रबंधकों और कवियों ने राम बुझारत वर्मा, कविवर माधवदास एवं समरजीत यादव के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कवि पवन कुमार सिंह, सुरजीत कुमार और परमानंद यादव ने अपनी गीतांजलि के माध्यम से दिवंगत विभूतियों को नमन किया।
द्वितीय सत्र में कवि गोष्ठी का शुभारंभ राज बहादुर राना की वाणी वंदना से हुआ। इसके बाद कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। आचार्य अशोक कुमार अनंत ने बेटी के दर्द को अपनी कविता ‘माई मोरी कोखिया जिन मोहिं मारा’ के जरिए स्वर दिया, वहीं सलिल धुरिया ने ‘याद बड़ी आए हमें बाबू जी के बतिया’ सुनाकर पिता के स्नेह को अभिव्यक्त किया। सत्या पंडित ने अपनी रचना और बिंदू वंदना शिवा ने ‘मेरी जिंदगी की छांव है मेरे पापा’ के माध्यम से खूब वाहवाही बटोरी।
कवि रमेशचंद्र नंदवंशी, रजनीश, ओपी वर्मा, कासिम, वीर विक्रम सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेंद्र सिंह रवि, अनिल कुमार वर्मा ‘मधुर’, बृजेश वर्मा, डॉ. जया सिंह, अभिमन्यु शुक्ला ‘तरंग’, सर्वेश सहित अन्य कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से साहित्यिक वातावरण को जीवंत कर दिया।
तृतीय सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नौ प्रतिभाओं को राम बुझारत विशिष्ट प्रतिभा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में संगमलाल मौर्य, रचना शिवपुरी, सुभाषचंद्र यादव ‘परदेशी’, सत्या पंडित, परमानंद यादव, आचार्य अशोक कुमार अनंत, बिंदू वंदना शिवा, आशा तिवारी और सुरजीत कुमार शामिल रहे। सभी को अंगवस्त्र एवं पुष्प भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपनी ओजस्वी कविताओं और विचारों से साहित्य तथा समाज के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया। संस्था की ओर से सर्वेश कान्त वर्मा ‘सरल’ ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया, जबकि राज बहादुर यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्षीय संबोधन के साथ डॉ. आद्या प्रसाद सिंह ‘प्रदीप’ ने कार्यक्रम का समापन किया। पूरे आयोजन में विद्यालय परिसर श्रोताओं और साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति से गुलजार रहा।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)