गौतमबुद्धनगर: चोरी का ट्रक बरामद कर पांच दिन तक छिपाए रखा मामला, एसओजी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित!!
दिल्ली पुलिस के संपर्क करने पर खुली नोएडा पुलिस की टीम की लापरवाही की पोल, वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए अपने स्तर पर संभालते रहे पूरा मामला
दो टूक//नोएडा। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। चोरी का ट्रक बरामद करने के बाद भी पांच दिनों तक वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं देना फेस-2 थाने की एसओजी टीम को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेंट्रल नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने एसओजी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है।
जानकारी के अनुसार, दिवाली से एक दिन पहले फेस-2 थाने की एसओजी टीम ने चोरी के सामान से लदे एक ट्रक को पकड़ा था। शुरुआती जांच में पता चला कि उक्त ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया था और इस संबंध में दिल्ली के संबंधित थाने में मुकदमा भी दर्ज था। इतनी महत्वपूर्ण बरामदगी के बावजूद टीम ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी देना उचित नहीं समझा और करीब पांच दिनों तक पूरे मामले की सूचना विभागीय स्तर पर साझा नहीं की।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब दिल्ली पुलिस ने चोरी हुए ट्रक की लोकेशन और उसकी बरामदगी के संबंध में नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। दिल्ली पुलिस की ओर से जानकारी मांगे जाने पर नोएडा के अधिकारियों को पता चला कि संबंधित ट्रक उनकी ही एसओजी टीम पहले ही बरामद कर चुकी है, लेकिन इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों से छिपाकर रखी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को दी। इसके बाद विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
एसओजी प्रभारी समेत इन छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह (एसओजी प्रभारी, थाना फेस-2), उपनिरीक्षक विकास सिकरवार, मुख्य आरक्षी आशीष कुमार, मुख्य आरक्षी जुबेर रिजवी, आरक्षी भूदेव और आरक्षी आशू शामिल हैं।
अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस विभाग की यह कार्रवाई फिलहाल छह पुलिसकर्मियों के निलंबन तक सीमित नहीं मानी जा रही है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर चोरी का ट्रक बरामद होने के बाद पांच दिनों तक अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में थाने या विभाग के अन्य किसी पुलिसकर्मी की भूमिका तो नहीं रही।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों को बिना जानकारी दिए कार्रवाई करने के मामलों में लगातार सख्ती देखने को मिल रही है। इससे पहले साइबर थाने के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को भी बिना उच्चाधिकारियों को सूचना दिए दबिश देने के मामले में निलंबित किया गया था।
लगातार हो रही इन विभागीय कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस कमिश्नरेट में अधिकारियों की अनुमति, जवाबदेही और विभागीय अनुशासन को लेकर अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा रही है।
