रविवार, 15 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: पहली बार बच्चे के मुंह से निकला ‘मम्मा’, तो छलक उठीं मां की आंखें; फर्स्टवन रिहैब में बाल दिवस पर दिखा उम्मीद और खुशियों का अनूठा संगम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पहली बार बच्चे के मुंह से निकला ‘मम्मा’, तो छलक उठीं मां की आंखें; फर्स्टवन रिहैब में बाल दिवस पर दिखा उम्मीद और खुशियों का अनूठा संगम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

स्पीच थेरेपी दिवस पर करीब 80 बच्चों का हुआ परामर्श, अभिभावकों को दी गई विशेष काउंसलिंग; विशेषज्ञों ने मोबाइल स्क्रीन से दूरी और बच्चों से अधिक संवाद करने की दी सलाह

दो टूक//नोएडा। किसी मां के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि उसका बच्चा पहली बार अपने मुंह से ‘मम्मा’ कहकर पुकारे। लंबे इंतजार, अनगिनत कोशिशों और उम्मीदों के बाद जब बच्चे की जुबान से पहला शब्द निकलता है, तो मां-बाप की आंखें खुशी से छलक उठती हैं। कुछ ऐसे ही भावुक और प्रेरणादायक पलों के बीच शनिवार को फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन में बाल दिवस एवं स्पीच थेरेपी दिवस मनाया गया। यह आयोजन महज एक उत्सव नहीं, बल्कि उन बच्चों और उनके अभिभावकों की उम्मीदों, संघर्ष और खुशियों को समर्पित रहा, जो अपने बच्चों को बोलते, समझते और समाज की मुख्यधारा से जुड़ते हुए देखना चाहते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने केक काटकर बाल दिवस की खुशियां मनाईं। बच्चों की मासूम मुस्कान, उनकी छोटी-छोटी कोशिशों और गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। कहीं बच्चों की खिलखिलाहट सुनाई दी तो कहीं अभिभावकों की आंखों में अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने नजर आए। हर अभिभावक की यही कामना थी कि उनका बच्चा भी दूसरे बच्चों की तरह अपनी बात कह सके, खेल सके और सामान्य रूप से स्कूल जाकर शिक्षा प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीजीएम की डॉ. भावना आनंद उपस्थित रहीं। इस अवसर पर फाउंडेशन की प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, चेयरमैन डॉ. महिपाल सिंह और स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों की सराहना करते हुए अभिभावकों को धैर्य, निरंतर प्रयास और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान स्पीच थेरेपिस्ट कृष्णा यादव ने लगभग 80 बच्चों का परामर्श किया। बच्चों की जरूरतों और उनकी बोलने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों को विस्तार से काउंसलिंग दी गई। उन्हें घर पर बच्चों के साथ नियमित संवाद करने, बातचीत के माध्यम से उनकी भाषा और समझ विकसित करने तथा निर्धारित होम प्रोग्राम का लगातार पालन करने की सलाह दी गई, ताकि थेरेपी का लाभ केवल सेंटर तक सीमित न रहे, बल्कि घर के माहौल में भी बच्चों का विकास जारी रहे।

कार्यक्रम में मौजूद कई अभिभावक अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक नजर आए। उनका कहना था कि माता-पिता के लिए सबसे बड़ी खुशी अपने बच्चे को बोलते हुए सुनना है। वे दिन-रात इसी उम्मीद में रहते हैं कि उनका बच्चा भी अपनी भावनाएं व्यक्त कर सके, अपनी जरूरतें बता सके और दूसरे बच्चों की तरह जीवन के हर पड़ाव पर आगे बढ़े। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि समय पर पहचान, उचित मार्गदर्शन और नियमित थेरेपी से बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

बढ़ता स्क्रीन टाइम बच्चों के भाषा विकास के लिए चिंता का विषय

विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों को लंबे समय तक मोबाइल और टीवी की स्क्रीन के सामने रखने से उनके भाषा एवं संवाद कौशल के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बच्चों को मोबाइल थमाने के बजाय उनके साथ समय बिताना, बातचीत करना, कहानियां सुनाना और खेल-खेल में नए शब्द सिखाना अधिक लाभकारी है।

विशेषज्ञों ने अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि बच्चे को मोबाइल की स्क्रीन से ज्यादा मां की गोद, पिता का साथ और परिवार का संवाद चाहिए। बच्चे से दिनभर में थोड़ी-थोड़ी देर बातचीत करना, उसकी बात सुनना और उसे जवाब देने के लिए प्रोत्साहित करना भी उसके भाषा विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अभिभावकों और फाउंडेशन के सदस्यों के साथ मिलकर बाल दिवस का केक काटा और खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में बच्चों के चेहरे पर खुशी और अभिभावकों के मन में उम्मीद साफ दिखाई दी।

फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन ने इस अवसर पर अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि कोई भी बच्चा बोलने, समझने और सीखने की क्षमता विकसित करने के अवसर से वंचित न रहे। बच्चों को सही समय पर उचित मार्गदर्शन, थेरेपी और सहयोग उपलब्ध कराना ही फाउंडेशन का उद्देश्य है।

क्योंकि हर बच्चे की पहली आवाज, पहला शब्द और पहली मुस्कान उसके परिवार के लिए किसी अनमोल उपलब्धि से कम नहीं होती।