गुरुवार, 12 नवंबर 2026

गोण्डा- मेंहनौन विधायक विनय द्विवेदी ने रामकथा स्थल पर पहुंचकर कथा आयोजक आलोक दास जी महराज संग पांडाल का लिया जायजा, जय प्रभा ग्राम में होने जा रही भव्य कथा

शेयर करें:
गोण्डा- विधानसभा क्षेत्र मेहनौन की पावन धरा पर परम पूज्य श्री आलोक दास जी महाराज के पावन सानिध्य एवं विशेष प्रयासों से आगामी 17 नवंबर से 25 नवंबर तक चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पं. दीनदयाल शोध संस्थान, जयप्रभाग्राम, महाराजगंज के प्रांगण में भव्य राम कथा का आयोजन हो रहा है।पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से नौ दिवसीय भव्य एवं दिव्य श्रीराम कथा में भक्तों को कथा श्रवण का अवसर मिलेगा।
क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने टीम सहित आज कथा स्थल पर पहुंचकर आयोजक आलोक दास जी महाराज संग मौके पर चल रही व्यवस्थाओ का जायजा लिया और हो रहे कार्यो की सराहना की। इस दौरान गोण्डा एसपी भी पुलिस दल के साथ यहां मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि यह मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव, सौभाग्य एवं आध्यात्मिक हर्ष का विषय है कि परम पूज्य आलोक दास जी महाराज के अथक प्रयासों, धर्म के प्रति अटूट निष्ठा एवं प्रभु श्रीराम के चरणों में अगाध श्रद्धा के फलस्वरूप हमारे क्षेत्र की पावन भूमि पर इतने भव्य आध्यात्मिक आयोजन का सुअवसर प्राप्त हो रहा है। कहा कि पूज्य महाराज जी का यह पुनीत प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्र में सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार की दिशा में एक अविस्मरणीय पहल है।
विधायक ने श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, बैठने, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बता दे कि इटियाथोक क्षेत्र अंतर्गत जयप्रभा ग्राम में 17 से 25 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा होना है। राम कथा को लेकर आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज (अध्यक्ष श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट) के निर्देशन में दिन रात यहां कार्य हो रहे है। कथा व्यास के रूप में यहां पूज्य राजन जी महराज को आमंत्रित किया गया है। कथा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। ट्रस्ट द्वारा मीडिया को बताया गया कि कथा के पहले दिन यानी 17 नवंबर को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योग गुरु बाबा रामदेव इसमे शामिल होंगे। वहीं 20 नवम्बर को सीएम योगी का आगमन इस कथा में प्रस्तावित है। यहां करीब ढाई लाख लोगों के लिए मनमोहक पंडाल बन रहा है।
इस कथा में योग गुरु स्वामी रामदेव, अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि जी महाराज, परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के चिदानंद सरस्वती, जगतगुरु शंकराचार्य संतोषदास जी महाराज उर्फ सतुआ बाबा एवं राम बल्लभ कुंज के पीठाधीश्वर अनंतराम शंकरदास वेदांती जी महाराज सहित अयोध्या धाम के प्रमुख साधु- संतों को भी निमंत्रण भेजा गया गया है। इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावनाएं हैं। कथा समापन के बाद 26 व 27 नवंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 28 नवंबर को सुबह आठ बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।।
गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट