शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, साइबर क्राइम थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, साइबर क्राइम थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

उच्चाधिकारियों को बिना सूचना दिए पुलिस टीम रवाना करने का मामला आया सामने, विभागीय कार्यप्रणाली में लापरवाही पर हुई कार्रवाई

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में अनुशासनहीनता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही के मामलों को लेकर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में साइबर क्राइम थाने में तैनात थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, निलंबन के बाद साइबर क्राइम थाने में फिलहाल नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा, उपनिरीक्षक विकास, हेड कांस्टेबल विनय कुमार और हेड कांस्टेबल कमल शामिल हैं। चारों पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़े निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप हैं।

बिना सूचना पुलिस टीम भेजना पड़ा भारी

सूत्रों के मुताबिक, मामला साइबर क्राइम थाने से जुड़े एक प्रकरण में दबिश देने के लिए पुलिस टीम रवाना करने से संबंधित है। आरोप है कि थाना प्रभारी ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए बिना और वरिष्ठ अधिकारियों को पूर्व सूचना दिए बगैर पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेज दिया। जबकि इस तरह की कार्रवाई से पहले संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराना और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होता है।

जब वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में यह मामला आया तो इसे गंभीरता से लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना प्रभारी समेत तीन अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर के इस फैसले को विभागीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पहले भी लापरवाही पर हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह इससे पहले भी ड्यूटी में लापरवाही, जनशिकायतों के निस्तारण में कोताही और विभागीय जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर चुकी हैं। हाल के दिनों में फेज-3 और सेक्टर-49 थानों के प्रभारियों को भी हटाया जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साइबर क्राइम थाने में नए प्रभारी की तैनाती का इंतजार

चार पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद साइबर क्राइम थाने में फिलहाल नए थाना प्रभारी की नियुक्ति नहीं हुई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर का यह कदम अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने का स्पष्ट संदेश है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में लगातार हो रही विभागीय कार्रवाइयों से यह संकेत मिल रहा है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त रुख अपनाया जा सकता है।।