गौतमबुद्धनगर: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अंडरपास से अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, कई आपराधिक मुकदमे दर्ज!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अंडरपास से सुमित नागर उर्फ डीजे को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित नागर उर्फ डीजे पुत्र नरेंद्र, निवासी ग्राम दादूपुर, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ईकोटेक प्रथम में मु0अ0सं0 117/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
कई आपराधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी और गाजियाबाद के थाना लोनी में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र अधिनियम और उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
दो टूक: अवैध हथियारों के साथ पकड़े जा रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
