शनिवार, 7 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस मुठभेड़ के बाद मकानों में चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस मुठभेड़ के बाद मकानों में चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चार बंद मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा, मौके से तमंचा, चाकू, कार और चोरी के आभूषण बरामद; दो आरोपी फरार

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार (6 नवंबर) को सेक्टर ज्यू-3 के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, थाना दादरी पुलिस की टीम सेक्टर ज्यू-3 के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने कार सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार नीचे उतरकर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान अजय (27 वर्ष) पुत्र राजेंद्र, निवासी एफएफ-284 कांशीराम कॉलोनी, दादरी के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान दूसरे आरोपी समीर (19 वर्ष) पुत्र मुस्तकीम, निवासी कांशीराम कॉलोनी, दादरी को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

ओमीक्रोन, म्यू और पिंक सिटी में बंद मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब दो महीने पहले तक ओमीक्रोन-1, ओमीक्रोन-2, म्यू-1, म्यू-2 और पिंक सिटी दादरी क्षेत्र में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाते थे। आरोपी घरों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ में चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है। इन घटनाओं के संबंध में थाना दादरी में 4 सितंबर 2026 को दो अलग-अलग मुकदमे संख्या 435/2026 और 438/2026, 19 सितंबर को मुकदमा संख्या 468/2026 तथा 6 अक्टूबर को मुकदमा संख्या 497/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज किए गए थे।

तमंचा, चाकू, कार और चोरी के आभूषण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की है। इसके अलावा दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, सफेद धातु के चार सिक्के, पीली धातु की एक अंगूठी, सफेद धातु का एक कड़ा, पीली धातु की चेन का एक टुकड़ा और 6,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

अजय पर पहले से दर्ज हैं 19 मुकदमे

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अजय का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ दादरी थाने में वर्ष 2018 से 2026 तक कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, घरों में सेंधमारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे गिरफ्तार आरोपी समीर के खिलाफ भी चोरी की चार घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।