शनिवार, 14 नवंबर 2026

लखनऊ : नेहरू जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में सजा बाल दिवस का मेला, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।||Lucknow: A Children's Day fair was organised at the Congress headquarters on Nehru Jayanti, where children showcased their talents.||

शेयर करें:
लखनऊ :  
नेहरू जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में सजा बाल दिवस का मेला, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।
दो टूक : देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं बच्चों के लिए शिक्षा, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विस्तार : कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, एआईसीसी सचिव एवं सह-प्रभारी अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी, अब्दुल हन्नान, सीएलपी नेता वीरेंद्र चौधरी और सांसद तनुज पुनिया ने पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
जयंती समारोह के तहत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय परिसर में बच्चों के लिए रचनात्मक मेले का आयोजन किया गया। इसमें चित्रकला, रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं के साथ शिक्षा एवं मनोरंजन से जुड़े स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में बच्चों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक, वैज्ञानिक और समावेशी भारत की नींव रखी थी। बच्चों के प्रति उनका विशेष स्नेह इस बात का प्रतीक था कि राष्ट्र का भविष्य उसकी नई पीढ़ी की शिक्षा और संस्कारों पर निर्भर करता है। नेहरू ने आजाद भारत को हर क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए मजबूत बुनियाद तैयार की, जिस पर आज देश खड़ा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी बच्चों की बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। बच्चों की कलात्मक प्रस्तुतियों में उज्ज्वल भारत की झलक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के शिल्पकार और दूरदर्शी नेता थे। देश को आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सामरिक रूप से मजबूत बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को उपहार एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।