लखनऊ :
तेलीबाग में आग का तांडव, रुई-रजाई की दुकान से कार-स्कूटी तक राख।दो टूक : राजधानी लखनऊ के तेलीबाग रमजान नगर में रुई-रजाई की दुकान बनी आग का गोला, कार-स्कूटी समेत लाखों का सामान राख; पास में स्कूल और होटल होने से मचा हड़कंप
भरा गैस सिलेंडर हटाकर टाला बड़ा हादसा, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, आग बुझने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड।
विस्तार :
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग स्थित रमजान नगर में सोमवार दोपहर रुई-रजाई की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखी रुई, रजाई, गद्दे के साथ पास खड़ी एक कार और स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सबसे बड़ी बात यह रही कि दुकान के पास ही बच्चों का स्कूल और होटल मौजूद था। आग वहां तक पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुकान में रखा घरेलू गैस सिलेंडर भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक और खतरा टल गया।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से गोंडा जनपद के कटरा बाजार निवासी इब्राहिम पुत्र मकबूल तेलीबाग के रमजान नगर में किराये पर रहते हैं। वह सड़क किनारे झोपड़ी डालकर रजाई-गद्दे की दुकान चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं। सोमवार दोपहर अचानक उनकी दुकान में आग लग गई। रुई और गद्दों जैसे ज्वलनशील सामान के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़ी कार व स्कूटी भी आग की चपेट में आ गईं।
आग लगते ही चौराहे पर हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस बीच स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। लोगों की मशक्कत से आग पर काबू पा लिया गया। आरोप है कि घटनास्थल से फायर स्टेशन की दूरी महज पांच किलोमीटर होने के बावजूद दमकल की गाड़ी आग बुझने के बाद पहुंची। दमकल की देरी को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी रही।
इस अग्निकांड में दुकानदार इब्राहिम का दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। वहीं सुल्तानपुर जनपद के बल्दीराय निवासी फहजान की यूपी-32-एमके-7483 नंबर की कार और एक स्कूटी भी आग की भेंट चढ़ गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
●अग्नि काण्ड का वीडियो-
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)