सोमवार, 16 नवंबर 2026

लखनऊ : मौत के बाद मृतक के बैंक खातों पर डाका,लाखों की रकम पार।||Lucknow: After death, the deceased's bank accounts were robbed, and lakhs of rupees were stolen.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
मौत के बाद मृतक के बैंक खातों पर  डाका,लाखों की रकम पार।।
जालसाजों ने पत्नी और बेटा बनकर लाखों की सम्पत्ति किया पार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र में एक मृतक के बैंक खातों, डीमैट अकाउंट और संपत्ति के साथ कथित धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सत्येन्द्र कुमार तिवारी की मौत के बाद उनके बैंक खातों से लाखों रुपये का अनधिकृत लेनदेन किया गया। इतना ही नहीं, मृतक के सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब मिले।
मृतक की बहन सुमन तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने वंदना उपाध्याय, अश्वनी उपाध्याय, चंद्रावती देवी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार थाना सरोजनी नगर क्षेत्र शांति नगर निवासिनी सुमन तिवारी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सत्येन्द्र कुमार तिवारी की मृत्यु 8 नवंबर 2025 को हुई थी। उनकी बहन सुमन तिवारी का दावा है कि वह मृतक की एकमात्र विधिक वारिस और नामिनी हैं। भाई की मृत्यु के बाद जब उन्होंने बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाया तो कई चौंकाने वाले लेनदेन सामने आए।
आरोप है कि अश्वनी उपाध्याय ने मृतक के एक्सिस बैंक खाते से करीब 20 हजार 400 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर किए। वहीं मृतक के जेरोधा डीमैट खाते से करीब 29 लाख 64 हजार रुपये बैंक ऑफ इंडिया के खाते में स्थानांतरित किए गए, जिसमें से लगभग 14 लाख 79 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा मृतक के एसबीआई क्रेडिट कार्ड से करीब 41 हजार 900 रुपये के अनधिकृत लेनदेन का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह है कि बैंक ऑफ इंडिया का खाता बंद होने के बाद मृतक के पंजीकृत मोबाइल नंबर से फोन कर खुद को सत्येन्द्र कुमार तिवारी बताकर खाता दोबारा खुलवाने का प्रयास किया गया। इसमें भी अश्वनी उपाध्याय की भूमिका होने की जानकारी बैंक से मिलने का दावा किया गया है।
सुमन तिवारी के मुताबिक, घर में जांच करने पर भाई की सोने की चेन, अंगूठियां, सोने का ब्रेसलेट और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब मिले। आरोप है कि वंदना उपाध्याय खुद को मृतक की पत्नी और अश्वनी उपाध्याय खुद को उनका सौतेला बेटा बताकर बैंक खातों और संपत्ति पर अधिकार जता रहे हैं जबकि परिवार का दावा है कि सत्येन्द्र कुमार तिवारी की शादी ही नहीं हुई थी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। कथित तौर पर कहा जा रहा है कि पैसा और जेवर वापस नहीं मिलेंगे तथा परिवार की सलामती चाहती हैं तो उन्हें भूल जाएं।
पीड़िता ने पुलिस से बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल खातों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने, अनधिकृत रूप से निकाली गई रकम और गायब आभूषणों की बरामदगी तथा मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।