शनिवार, 14 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: बार-बार धंस रही एलिवेटेड रोड, एक महीने से लाखों लोग जाम में बेहाल; भाकियू (लोकशक्ति) ने खोला मोर्चा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बार-बार धंस रही एलिवेटेड रोड, एक महीने से लाखों लोग जाम में बेहाल; भाकियू (लोकशक्ति) ने खोला मोर्चा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

निर्माण की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल, चौधरी बीसी प्रधान ने प्राधिकरण से की उच्चस्तरीय जांच और तत्काल मरम्मत की मांग

जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर होगा बड़ा धरना-प्रदर्शन – चौधरी बीसी प्रधान

दो टूक//नोएडा। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल सेक्टर-18 अट्टा से ममूरा की ओर जाने वाला एलिवेटेड मार्ग पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ा है। इसके चलते प्रतिदिन लाखों वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के कारण यातायात का पूरा दबाव नीचे सर्विस रोड पर आ गया है, जिससे सुबह और शाम के समय भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। नौकरीपेशा लोगों, स्कूली छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में एक से दो घंटे तक अतिरिक्त समय लग रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के महानगर उपाध्यक्ष (युवा) अरुण गौतम ने मौके पर पहुंचकर बंद पड़े एलिवेटेड मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नोएडा प्राधिकरण की ओर से न तो मरम्मत कार्य शुरू किया गया है और न ही नीचे यातायात के लिए कोई प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर मार्ग बंद तो कर दिया गया, लेकिन काम शुरू नहीं होने से आम जनता को रोजाना जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है।

इस जनसमस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नोएडा जैसे विकसित और औद्योगिक शहर में इतनी महत्वपूर्ण सड़क का एक महीने तक बंद रहना प्राधिकरण की कार्यशैली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि यह एलिवेटेड मार्ग पिछले आठ-दस वर्षों में दूसरी-तीसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है। बार-बार सड़क धंसने और मार्ग बंद होने की घटनाएं निर्माण की गुणवत्ता तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी की निष्पक्ष जांच की मांग करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी और संभावित लापरवाही की जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग दिल्ली, कालिंदी कुंज सहित विभिन्न क्षेत्रों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रमुख मार्ग पर लंबे समय तक यातायात बाधित रहना केवल वाहन चालकों की परेशानी नहीं, बल्कि शहर की आर्थिक और दैनिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रहा है।

भाकियू (लोकशक्ति) ने रखीं प्रमुख मांगें

भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि बंद पड़े एलिवेटेड मार्ग की मरम्मत तत्काल प्रभाव से युद्धस्तर पर शुरू कराई जाए और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराया जाए।

साथ ही निर्माण कार्य में शामिल ठेकेदार कंपनी, तत्कालीन संबंधित जेई, एई और प्रोजेक्ट इंजीनियरों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

संगठन ने यह भी मांग की है कि जब तक एलिवेटेड मार्ग चालू नहीं होता, तब तक नीचे सर्विस रोड पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवानों की संख्या बढ़ाई जाए और उचित डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा प्राधिकरण सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करे कि आखिर बार-बार इस मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की वजह क्या है और मरम्मत कार्य में इतनी देरी क्यों हो रही है।

चौधरी बीसी प्रधान ने सीईओ से की जवाबदेह अधिकारी नियुक्त करने की मांग

चौधरी बीसी प्रधान ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की जिम्मेदारी किसी ईमानदार, अनुभवी और जवाबदेह अधिकारी को सौंपी जाए, जो पूरी पारदर्शिता और तकनीकी गुणवत्ता के साथ मरम्मत कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करा सके। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर जनता को परेशानी में छोड़ना उचित नहीं है। प्राधिकरण की प्राथमिकता आम नागरिकों को राहत देना और सार्वजनिक धन से बने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना होनी चाहिए।

अंत में चौधरी बीसी प्रधान ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराकर जनता को राहत नहीं दी गई तो भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी नोएडा प्राधिकरण और संबंधित शासन-प्रशासन की होगी।

उन्होंने कहा कि संगठन आम जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा आवाज उठाता रहा है और जब तक इस मार्ग की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक किसानों और क्षेत्र के नागरिकों की आवाज बुलंद करता रहेगा।।