गौतमबुद्धनगर: ब्लू सफायर मॉल की ज्वैलरी शॉप में चोरी का खुलासा, दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार!!
चोरी की ज्वैलरी बेचकर बचाए गए 20 हजार रुपये बरामद, बिसरख पुलिस ने महागुन मार्ट के पास से दबोचा
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी बेचकर प्राप्त हुई शेष 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित प्रसाद पुत्र हरीश राम को महागुन मार्ट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर ब्लू सफायर मॉल स्थित एक ज्वैलरी शॉप से आभूषण चोरी करने का आरोप है।
जांच के अनुसार, आरोपी इसी ज्वैलरी शॉप पर काम करता था। आरोप है कि उसने 6 नवंबर 2026 को दुकान से ज्वैलरी चोरी की थी। घटना के संबंध में पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर थाना बिसरख में मुकदमा अपराध संख्या 858/2026 धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी की बिक्री से प्राप्त शेष 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित प्रसाद पुत्र हरीश राम निवासी ग्राम जिनखोला, बागेश्वर मटेना, उत्तराखंड, वर्तमान पता सेक्टर-15, नोएडा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में थाना बिसरख पर मु0अ0सं0 858/2026 धारा 306 एवं 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।।
