गौतमबुद्धनगर: मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की तैयारी तेज, 747 बूथों के बीएलओ को दिया गया विशेष प्रशिक्षण!!
17 नवंबर से शुरू होगा विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान, पात्र युवाओं के नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटाने पर रहेगा विशेष जोर
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 14 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में गौतमबुद्धनगर जिले में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 स्थित आईआईएमटी संस्थान में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मतदाता सूची को स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर आगामी 17 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के मद्देनजर आयोजित इस कार्यशाला में 62-दादरी विधानसभा क्षेत्र के सभी 747 बूथों के बीएलओ, 75 सुपरवाइजर और चार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने प्रतिभाग किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह ने की।
कार्यशाला में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बीएलओ ऐप में किए गए नवीन बदलावों, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों तथा मतदाता पुनरीक्षण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को समझाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), 62-दादरी आशुतोष गुप्ता ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की मजबूत नींव शुद्ध मतदाता सूची होती है। इसे तैयार करने में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक बीएलओ को अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। उन्होंने 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के आलेख्य के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही 'बुक अ कॉल' सुविधा के बारे में भी बीएलओ को जानकारी दी गई। इसके माध्यम से मतदाता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकेंगे। अधिकारियों ने इस सुविधा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया।
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम जुड़ेंगे
कार्यशाला में बीएलओ को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं का सघन सत्यापन करने का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। वहीं, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम नियमानुसार फॉर्म-7 के माध्यम से हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहे।
कार्यशाला के समापन पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर गंभीरता से प्रयास करना आवश्यक है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा।।
