लखनऊ :
बच्चों के विवाद में मारपीट से घायल अधेड़ की मौत,आरोपी गिरफ्तार।प
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली काकोरी के बिगहू गांव में छोटे बच्चों के आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय आशाराम की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में फरार चल रहे चौथे नामजद आरोपी सर्वजीत को काकोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया गया है।
विस्तार :
काकोरी पुलिस के अनुसार स्थानीय पुलिस स्टेशन क्षेत्र के ग्राम बिगहू में 8 नवंबर को बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। आरोप है कि रजनू, राहुल, सचिन और सर्वजीत समेत अन्य लोगों ने नरेंद्र कुमार, आशाराम व उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट की थी। हमले में 40 वर्षीय आशाराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां 12 नवंबर को उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजन नरेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शुरुआत में तीन आरोपी सचिन कुमार, रजनू रावत और राहुल को पुलिस ने 8 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आशाराम की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस बढ़ा दी गई।
वहीं, फरार चल रहे आरोपी सर्वजीत की तलाश में जुटी काकोरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 14 नवंबर को पठानखेड़ा तालाब के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी सर्वजीत (37) बिगहू गांव का निवासी है। पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
