गौतमबुद्धनगर: बाल दिवस पर पुलिस लाइन्स सूरजपुर में बच्चों ने खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखाई प्रतिभा, 130 लोगों ने लिया हिस्सा!!
खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों में टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा, विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। बाल दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से पुलिस परिवार के बच्चों के लिए रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर में खेल प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 14 नवंबर को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और रचनात्मक हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का पर्यवेक्षण पुलिस उपायुक्त लाइन्स एवं वामा सारथी के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने किया, जबकि अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय श्रीमती अर्चना सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बच्चों ने गायन, नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं के उपरांत वामा सारथी मुख्यालय, लखनऊ की ओर से पूर्व में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही बाल दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस परिवार के बच्चों सहित कुल 130 लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने पुलिस परिवार के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आपसी मेलजोल, उत्साह और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस पहल के माध्यम से बाल दिवस को बच्चों के लिए यादगार बनाने के साथ उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।
