शनिवार, 14 नवंबर 2026

लखनऊ : छठ पूजा पर 15-16 दो दिन बदलेगी यातायात व्यवस्था,घर से निकलने से पहले देखे रुट।||

शेयर करें:
लखनऊ :  
छठ पूजा पर 15-16 दो दिन बदलेगी यातायात व्यवस्था,घर से निकलने से पहले देखे रुट।
◆लक्ष्मण मेला मैदान, झूलेलाल पार्क और कुड़ियाघाट जाने वाले रास्तों पर प्रतिबंध, कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेंगे वाहन।
दो टूक : महापर्व छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लक्ष्मण मेला मैदान, झूलेलाल पार्क और कुड़ियाघाट समेत प्रमुख छठ पूजा स्थलों के आसपास विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य कर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
विस्तार :
यातायात पुलिस के मुताबिक 15 नवंबर को सूर्यास्त अर्घ्य और रात्रि में कोसी भरने के कार्यक्रम के मद्देनजर दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं 16 नवंबर को सूर्योदय अर्घ्य के लिए सुबह तीन बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
◆हजरतगंज क्षेत्र में इन रास्तों पर रहेगी रोक।
चिरैयाझील तिराहे से लक्ष्मण मेला मैदान की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन सहारागंज, सिकंदरबाग, दैनिक जागरण, पीएनटी चौराहा या क्लार्क अवध तिराहे से होकर निकलेंगे। 1090 चौराहा, बैकुंठधाम और संकल्प वाटिका की ओर से लक्ष्मण मेला मैदान जाने वाले सामान्य वाहन, रोडवेज और सिटी बसों को भी रोका जाएगा। इन्हें गोल्फ क्लब और बंदरियाबाग होकर जाना होगा। कैसरबाग से 1090 चौराहे की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का मार्ग भी बदला रहेगा।
◆महानगर क्षेत्र में झूलेलाल पार्क जाने पर प्रतिबंध।
नदवा बंधा मोड़, इक्का-तांगा स्टैंड और आईटी चौराहे से झूलेलाल पार्क तथा हनुमान सेतु की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को आईटी चौराहा, सुभाष चौराहा और डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। नया पक्का पुल से बैरल नंबर-दो की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। खदरा और फैजुल्लागंज से आने वाले वाहनों को 60 फीटा सीतापुर रोड का रास्ता अपनाना होगा।
◆चौक में कुड़ियाघाट का रास्ता बंद, बसों के भी बदले रूट।
छठ पूजा के मद्देनजर रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहा और नया पक्का पुल से कुड़ियाघाट की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को टीले वाली मस्जिद तिराहे से निकाला जाएगा। कैसरबाग से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बसें कुड़ियाघाट के बजाय पक्का पुल, रूमी गेट, घंटाघर, कोनेश्वर, बालागंज और दुबग्गा होते हुए जाएंगी। सीतापुर से कैसरबाग आने वाली बसों का मार्ग भी मड़ियांव, खदरा और नया पक्का पुल होते हुए निर्धारित किया गया है। घैला पुल और राष्ट्रीय प्रेरणास्थल से कुड़ियाघाट की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
●एम्बुलेंस को मिलेगी छूट, जारी किया हेल्पलाइन नंबर।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न होने पर एम्बुलेंस सहित आवश्यक वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।