गौतमबुद्धनगर: पति से विवाद के बाद हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ी महिला, पाली गांव में मचा हड़कंप; पुलिस-दमकल टीम ने सुरक्षित उतारा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के पाली गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला हाईटेंशन बिजली लाइन के खंभे पर चढ़ गई। महिला को बिजली के ऊंचे खंभे पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।
जानकारी के मुताबिक, पति से विवाद के बाद महिला ने अचानक यह कदम उठा लिया। हाईटेंशन लाइन के खंभे पर महिला को चढ़ा देख ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ महिला को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि महिला पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुकी है। फिलहाल घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है।
घटना के बाद पाली गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चाओं का माहौल बना रहा। हाईटेंशन बिजली के खंभे पर महिला के चढ़ने की घटना ने ग्रामीणों को सकते में डाल दिया। वहीं, पुलिस और दमकल विभाग की टीम की सूझबूझ, तत्परता और कड़ी मशक्कत के चलते महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा और गंभीर हादसा टल गया।।
