गौतमबुद्धनगर: छठ पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, कुलेसरा हिंडन घाट का डीसीपी ने किया निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश!!
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, प्रकाश, पार्किंग व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, घाट पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी और गोताखोर
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने शनिवार को थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत कुलेसरा स्थित हिंडन घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए घाट पर की गई तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने घाट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, गोताखोरों की तैनाती तथा महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों की भी जानकारी ली।
डीसीपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान घाट पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक पुलिस प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और नियमित गश्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित की जाए कि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं।
पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर लगातार भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहें।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने छठ पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की तैयारी की है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सूर्योपासना का महापर्व मना सकें तथा पूजा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
