गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, चार तस्कर गिरफ्तार; 416 पव्वे देशी शराब बरामद!!
सेक्टर-39 पुलिस की अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई, पकड़े गए आरोपियों में एक के खिलाफ पहले भी दर्ज है आबकारी अधिनियम का मुकदमा
दो टूक//नोएडा। शहर में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से अवैध रूप से देशी शराब बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 416 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी अशोक शर्मा को महर्षि आश्रम के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 105 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। वहीं, प्रकाश मौर्या को यूनिटेक गोल्फ कोर्स की सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 104 पव्वे शराब मिली।
इसी क्रम में सचिन कुमार को सेक्टर-108 स्थित लूप पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 105 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। जबकि चौथे आरोपी शोभित कुशवाहा को सेक्टर-44 के छलैरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 102 पव्वे देशी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम हाजीपुर, थाना सेक्टर-39; प्रकाश मौर्या (45 वर्ष), मूल निवासी जिला गोरखपुर और वर्तमान निवासी सलारपुर; सचिन कुमार (19 वर्ष), मूल निवासी जिला सहरसा, बिहार और वर्तमान निवासी भंगेल; तथा शोभित कुशवाहा (23 वर्ष), मूल निवासी जिला बांदा और वर्तमान निवासी छलैरा, सेक्टर-44, नोएडा के रूप में हुई है।
एक आरोपी पर पहले भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी अशोक शर्मा के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत पहले भी मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान कार्रवाई में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 572/26 दर्ज किया गया है। आरोपी प्रकाश मौर्या के खिलाफ मुकदमा संख्या 573/26, सचिन कुमार के खिलाफ मुकदमा संख्या 574/26 और शोभित कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा संख्या 579/26 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।
वहीं, सचिन कुमार के खिलाफ थाना फेस-2 में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा संख्या 288/26 भी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 416 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई है। थाना सेक्टर-39 पुलिस की कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
