सुल्तानपुर :
संपत्ति के लिए बुजुर्ग की ईंट से कुचलकर हत्या,दो गिरफ्तार।।
●वारदात के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचे दोनों नामजद आरोपी।
दो टूक : सुल्तानपुर संपत्ति के लालच में रिश्तों का खून कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के इमिलिया कलां गांव में संपत्ति विवाद को लेकर 72 वर्षीय अविवाहित वृद्ध सत्यनारायण पाल की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप उनके ही चचेरे भाई और भतीजे पर है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब सात बजे सत्यनारायण पाल का संपत्ति को लेकर अपने चचेरे भाई सियाराम पाल और उसके बेटे प्रदीप पाल से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो उठा। आरोप है कि दोनों ने ईंट से सत्यनारायण के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विस्तार : घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजन विश्वम्भर पाल की तहरीर पर मुकदमा संख्या 604/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी बृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन और सीओ नगर राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दबिश देकर नामजद आरोपी सियाराम पाल और उसके बेटे प्रदीप पाल को वारदात के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों इमिलिया कलां गांव के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)