गौतमबुद्धनगर: लखनऊ में गूंजेगा सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश, 30 दिसंबर को होगा गुर्जर-पटेल-कुर्मी महासम्मेलन; तैयारियों में जुटे अशोक भाटी!!
दो टूक//नोएडा, 16 नवंबर 2026। आगामी 30 दिसंबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित गुर्जर-पटेल-कुर्मी भाईचारा सम्मेलन को सफल बनाने की तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के गौतम बुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी से औपचारिक मुलाकात कर सम्मेलन की तैयारियों, संगठन की भूमिका और विभिन्न समाजों की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सम्मेलन को व्यापक स्वरूप देने और अधिक से अधिक सामाजिक प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि यह सम्मेलन केवल गुर्जर, पटेल और कुर्मी समाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें उन सभी समाजों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिन पर ऐतिहासिक रूप से क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट लागू किया गया था। इनमें राजभर और पासी समाज सहित अन्य समाजों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न समाजों के बीच आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता, एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि दिल्ली के टॉकाटोरा स्टेडियम में आयोजित गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता ने समाज के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। इस तरह के आयोजन समाज की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, मान-सम्मान और आने वाली पीढ़ियों तक अपनी गौरवशाली विरासत को पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अशोक भाटी ने बताया कि लखनऊ में होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन को सफल बनाने के लिए दिसंबर माह की शुरुआत से ही गौतम बुद्ध नगर में जिला स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्मेलन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि जिले से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक मंच पर आना समय की आवश्यकता है। सामाजिक एकता और भाईचारे के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। लखनऊ में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन विभिन्न समाजों को एकजुट करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
मुलाकात के दौरान जलकेश बाबूजी, चरण सिंह भाटी, विपिन प्रधान, सिंहराज गुर्जर, अजय गुर्जर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
30 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले इस सम्मेलन को सामाजिक एकता, भाईचारे, सम्मान और विभिन्न समाजों के बीच आपसी समन्वय को नई मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)