मऊ :
कार्तिक पूर्णिमा पर दोहरीघाट के सरयू घाटों का डीएम ने लिया जायजा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के साथ दोहरीघाट स्थित सरयू नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों की नियमित साफ-सफाई कराने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा अन्य जरूरी सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में स्नान एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान संबंधित तहसीलों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)