ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर के तीनों प्राधिकरणों पर किसान महापंचायत का बिगुल, आर-पार की लड़ाई के लिए भारतीय किसान यूनियन ने कसी कमर!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

 गौतमबुद्धनगर के तीनों प्राधिकरणों पर किसान महापंचायत का बिगुल, आर-पार की लड़ाई के लिए भारतीय किसान यूनियन ने कसी कमर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, मुआवजा और रोजगार की मांग को लेकर नोएडा में हुई समीक्षा बैठक, गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के किसानों की वर्षों से लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने अब तीनों प्राधिकरणों के खिलाफ आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन जिले में चरणबद्ध तरीके से किसान महापंचायत आयोजित करेगा। इसी रणनीति को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से सोमवार को नोएडा के नलगाडा स्थित संगठन कार्यालय पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न तहसील, ब्लॉक और गांवों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं किसान कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता सवेरा मास्टर ने की, जबकि संचालन जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर एवं सुनील प्रधान ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में किसानों की लंबित मांगों की विस्तार से समीक्षा की गई और प्रस्तावित महापंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव तक संगठन की पहुंच मजबूत करने तथा पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर का किसान अब केवल आश्वासनों के भरोसे नहीं बैठेगा। प्राधिकरण किसानों की जमीन लेकर उस पर विकास कार्य कर रहे हैं, लेकिन जिन किसानों की जमीन से विकास की नींव रखी गई, उन्हें आज भी उनका पूरा अधिकार नहीं मिल पा रहा है। 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड, बैकलीज, रोजगार और उचित मुआवजा किसानों का अधिकार है, कोई भीख नहीं।

उन्होंने कहा कि किसानों ने कई बार अधिकारियों के साथ वार्ता की, ज्ञापन सौंपे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश मांगों का समाधान नहीं हुआ है। जब तक किसानों की मांगों पर लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अब किसान महापंचायत के माध्यम से अपनी एकजुटता और ताकत दिखाएंगे। जिले के तीनों प्राधिकरणों पर महापंचायत आयोजित की जाएगी और जरूरत पड़ने पर किसानों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी।

पवन खटाना ने जिले के किसानों, नौजवानों और संगठन के सभी पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक गांव या क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे गौतमबुद्ध नगर के किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई है। इसलिए सभी किसान एकजुट होकर प्रस्तावित महापंचायत में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

वहीं, भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि आज की समीक्षा बैठक में महापंचायत की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। संगठन गांव-गांव संपर्क अभियान चलाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ेगा। प्रत्येक गांव से किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ महापंचायत में पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद भी उन्हें अपने हक के लिए वर्षों तक प्राधिकरणों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यह स्थिति किसानों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। महापंचायत की तारीख और स्थान की घोषणा संगठन द्वारा जल्द ही आधिकारिक रूप से की जाएगी।

बैठक में सुरेंद्र नागर ने भी किसानों की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए कहा कि तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों में किसानों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इनमें 10 प्रतिशत विकसित आबादी भूखंड का आवंटन, बैकलीज एवं पुश्तैनी आबादी का निस्तारण, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और नए भूमि अधिग्रहण कानून का लाभ, प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं को रोजगार तथा गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रमुख हैं। उन्होंने न्यू नोएडा सहित तीनों प्राधिकरण क्षेत्रों के किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

समीक्षा बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल बैठकों और आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और धरातल पर कार्रवाई से होना चाहिए। पदाधिकारियों ने गांव स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा प्रस्तावित किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर राजे प्रधान, राजीव मलिक, संदीप एडवोकेट, जितेंद्र बैरागी, गौरव बैरागी, अनिल, राकेश, बिट्टू भाटी, प्रेम सिंह चंदीला, मास्टर सुबे राम, धर्मपाल सिंह स्वामी, वीरपाल सिंह, योगेश भाटी, बेली भाटी, सुंदर, ऋषि शर्मा, नागेश कुमार, श्रीपाल मलिक, योगेश, सत्येंद्र, अमित जैलदार, पंकज शर्मा, अर्जुन यादव, अतुल चौहान, ललित नंबरदार, भारत प्रधान, कपिल तंवर, अमित डेढा, प्रदीप डेढा, दीपक, नीरज कुमार सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, सोनू भड़ाना, सोनू बैसला, धर्मेंद्र चपराना, गुलफाम, इस्माइल, मोती, नीरज भाटी, संजू, टीटू बैसला, संजू मोरना सहित सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें