मऊ :
एक सप्ताह से लापता अधेड़ का पोखरे में मिला शव,गांव में सनसनी।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव स्थित पोखरे में एक 61 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराया हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान सुरहुरपुर निवासी श्याम नारायण यादव उर्फ लौजारी के रूप में हुई है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, श्याम नारायण यादव बीते 12 नवंबर को परिजनों को बाहर जाने की बात बताकर घर से निकले थे। वह रेनकोट क्षेत्र में एक कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह अपने फंड से संबंधित काम के सिलसिले में जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
काफी समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच बुधवार दोपहर ग्रामीणों ने गांव के पोखरे में एक शव उतराया हुआ देखा। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान श्याम नारायण यादव के रूप में की।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)