लखनऊ :
फर्जी पासबुक से बैंक को चूना लगाने पहुंचा शातिर हुआ गिरफ्तार।।
●ब्लेड से मिटाया था असली खाताधारक का नाम-पता और खाता संख्या।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद में फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकालने पहुंचे जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भारतीय स्टेट बैंक की कूटरचित पासबुक और फर्जी निकासी पर्ची के सहारे रकम निकालने की कोशिश की, लेकिन बैंक कर्मचारियों की सतर्कता ने उसकी साजिश नाकाम कर दी। जांच में पासबुक पर दर्ज असली खाताधारक का नाम, पता और खाता संख्या मिटाकर दूसरे व्यक्ति का विवरण दर्ज किए जाने का खुलासा हुआ।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, घटना 19 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे मलिहाबाद स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा की है। एक व्यक्ति महावीर पुत्र फकीर के नाम की पासबुक और 50 हजार रुपये की निकासी पर्ची लेकर बैंक पहुंचा। कैशियर को पासबुक में दर्ज विवरण पर संदेह हुआ। जांच में नाम, पता और खाता संख्या मिटाकर दोबारा लिखे जाने के निशान मिले। बैंक के कंप्यूटर अभिलेखों से मिलान करने पर असली खाताधारक महावीर पुत्र फकीर निवासी बेलगढ़ा, थाना काकोरी का होना पाया गया।
बैंक प्रबंधक राजेन्द्र बहादुर सिंह की सूचना पर पहुंची मलिहाबाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान नन्दकिशोर पुत्र कालिका (58) निवासी फतेहपुर शिवगुलाम, थाना शाहाबाद, हरदोई के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हरदोई के रेलवेगंज में रेलवे पुल के नीचे स्थित एसबीआई से एक पासबुक उठाई थी। इसके बाद ब्लेड से उस पर दर्ज वास्तविक खाताधारक का नाम, पता, खाता संख्या और बैंक कोड मिटाकर महावीर का विवरण दर्ज कर दिया। इसी फर्जी पासबुक के आधार पर निकासी पर्ची भरकर मलिहाबाद बैंक शाखा में 50 हजार रुपये निकालने पहुंचा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कूटरचित पासबुक और 50 हजार रुपये की निकासी के लिए भरी गई पर्ची बरामद की है। इस मामले में थाना मलिहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)