लखनऊ :
ओडिशा से गांजा की तस्करी कर ला रहे दो तस्कर गिरफ्तार,लाखों का अवैध गांजा बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई करने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 48.80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लाल रंग की कार भी जब्त की गई है।
विस्तार :
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन NARCO HUNT’ के तहत अपराध शाखा ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करने वाले दो तस्कर नगर निगम कार्यालय के पास बंधा रोड पर लाल रंग की कार में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही अपराध शाखा की टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
कार की तलाशी लेने पर 43 पैकेट में भरा 48.80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार संख्या JH01CC9687 को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश दुबे (49), निवासी प्रयागराज और जय आनंद मिश्रा (45), निवासी अवध विहार योजना, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 227/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
●ओडिशा से लखनऊ तक फैले नेटवर्क की तलाश।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की बात बताई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत, परिवहन के रास्ते और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं।
अपराध शाखा ने संगठित अपराध से जुड़ी सूचनाएं देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7839861034 और तकनीकी माध्यम SUTRA SAARTHI BOT भी जारी किया है। पुलिस ने आमजन से तस्करी और संगठित अपराध से जुड़ी सूचनाएं साझा करने की अपील की है तथा सूचनादाताओं की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)