ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, लुलु हाइपरमार्केट से ब्लिंकिट तक लिए खाद्य पदार्थों के 11 नमूने!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, लुलु हाइपरमार्केट से ब्लिंकिट तक लिए खाद्य पदार्थों के 11 नमूने!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नूडल्स, गुलाब रसगुल्ला और चिली गार्लिक सॉस के नमूने जांच के लिए भेजे गए, खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 नवंबर 2026। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया। इस दौरान लुलु हाइपरमार्केट, रिलायंस रिटेल, ब्लिंकिट स्टोर, रबरीज स्वीट्स और चौपाल रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों से कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लिए।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम ने ग्रेटर नोएडा स्थित आईथेम मॉल के लुलु हाइपरमार्केट से नूडल्स के चार नमूने संग्रहित किए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने नोएडा के सेक्टर-93 स्थित गेझा में रिलायंस रिटेल लिमिटेड से नूडल्स का एक नमूना लिया।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह की टीम ने दनकौर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से नूडल्स के तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित रबरीज स्वीट्स से गुलाब रसगुल्ला का एक नमूना लिया। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट के केवी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट से तैयार नूडल्स और रेड चिली गार्लिक सॉस के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।

इस प्रकार विभागीय टीमों ने पूरे अभियान के दौरान कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।

खाद्य कारोबारियों को दिए सख्त निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सभी संबंधित खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री की खरीद केवल लाइसेंसधारी अथवा पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही की जाए। खरीद के समय बिल अवश्य प्राप्त करें तथा खाद्य सामग्री लेते समय उसकी निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य आवश्यक विवरणों की जांच जरूर करें। साथ ही उपभोक्ताओं को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री ही बिक्री की जाए।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए जाएंगे, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके और जनपदवासियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें