गौतमबुद्धनगर: बीसी प्रधान ने उठाई जनता की आवाज, मीडिया में गूंजा मुद्दा तो जागा नोएडा प्राधिकरण, एलिवेटेड रोड की मरम्मत के लिए CEO ने तय की 10 दिसंबर की डेडलाइन!!
दो टूक//नोएडा, 19 नवंबर 2026। नोएडा के लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) द्वारा MP-2 एलिवेटेड रोड की लंबे समय से बंद पड़ी लेन और क्षतिग्रस्त हिस्से का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आखिरकार नोएडा प्राधिकरण हरकत में आ गया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्णा करुणेश ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य और पूरी एलिवेटेड रोड की तकनीकी जांच 10 दिसंबर तक पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है।
दरअसल, MP-2 एलिवेटेड रोड (सेक्टर-61/60 से सेक्टर-28/29 होते हुए सेक्टर-18 अट्टा बाजार तक) का एक हिस्सा करीब एक महीने से प्रभावित है। इसके चलते प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक लेन बंद होने से आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ रहा है।
इस गंभीर जनसमस्या को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के महानगर उपाध्यक्ष (युवा) अरुण गौतम ने प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने शनिवार को मौके पर पहुंचकर एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया। इसके बाद संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने भी मामले को गंभीरता से उठाते हुए प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे अधिकारियों की लापरवाही का गंभीर मामला बताते हुए तत्काल मरम्मत शुरू कराने के साथ-साथ संबंधित ठेकेदार कंपनी और परियोजना से जुड़े इंजीनियरों की भूमिका की जांच कराने की मांग की थी।
संगठन की लगातार पहल और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश ने मामले का संज्ञान लिया। दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, सेक्टर-18 की ओर जाने वाले कैरिज-वे पर करीब 26 दिन पहले एलिवेटेड रोड के एक सेगमेंट में दरार आई थी, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर एक लेन बंद कर दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, बेयरिंग कमजोर होने के कारण यह क्षति हुई।
पहले क्षतिग्रस्त स्थान पर केवल गड्ढे की मरम्मत कराने की योजना थी, लेकिन अब प्राधिकरण ने निर्णय लिया है कि करीब 11 मीटर के पूरे क्षतिग्रस्त हिस्से को ही बदला जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिगत पूरी एलिवेटेड रोड की विस्तृत तकनीकी जांच भी कराई जाएगी। CEO ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर यानी 10 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जनहित की लड़ाई में मिली सफलता, बीसी प्रधान ने CEO और मीडिया का जताया आभार
भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने CEO कृष्णा करुणेश का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लेना सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करता रहा है।
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा, "हम CEO साहब का हृदय से धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने जनहित में इस गंभीर समस्या का त्वरित संज्ञान लिया और अधिकारियों को 10 दिसंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। एलिवेटेड रोड की मरम्मत होने से नोएडा के लाखों वाहन चालकों को जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी। हमें उम्मीद है कि प्राधिकरण इस कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ पूरा कराएगा।"
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान तक संबंधित अधिकारियों के सामने मजबूती से आवाज बुलंद करना ही संगठन की प्राथमिकता है। जब तक आम जनता को राहत नहीं मिलती, तब तक संगठन अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
चौधरी बीसी प्रधान ने इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित कर प्राधिकरण और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, जेपी सहित सभी मीडिया संस्थानों और पत्रकार बंधुओं का भी हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मीडिया जब जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाता है तो जिम्मेदार विभागों तक उनकी आवाज पहुंचती है और समाधान का रास्ता भी खुलता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) आगे भी जनहित, किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती और जिम्मेदारी के साथ उठाती रहेगी।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)