ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-50 की द क्रिसेंट अपार्टमेंट में हुई चोरी का थाना सेक्टर-49 पुलिस ने किया खुलासा, 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 4 हजार मोबाइल नंबरों के विश्लेषण से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चोरी में इस्तेमाल वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, लाखों के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद और उपकरण बरामद; एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये कराए गए फ्रीज

दो टूक//नोएडा, 19 नवंबर 2026। नोएडा में बंद फ्लैटों और मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, सोने के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, सफेद धातु की सिल्ली, घड़ी, सोने का ब्रेसलेट और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये भी फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके फ्लैट सहित सोसायटी के एक अन्य फ्लैट को भी निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया था।

400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 4 हजार मोबाइल नंबरों का किया विश्लेषण

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास सक्रिय लगभग 4,000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही का पता लगाने के लिए हाईवे और जनपद के बॉर्डर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। मैनुअल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

मेघदूतम पार्क के सामने से तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को थाना सेक्टर-49 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों वीरेंद्र उर्फ सोनू, सन्नी उर्फ सोनू और जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना को सेक्टर-50 स्थित मेघदूतम पार्क के सामने से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, करीब 100 ग्राम वजन का पीली धातु का बिस्कुट, सोने का हार, दो ईयर रिंग, एक लाख रुपये नकद, घड़ी, सोने का ब्रेसलेट और करीब 1 किलो 900 ग्राम वजन की सफेद धातु की सिल्ली बरामद हुई।

इसके अलावा चोरी की वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किए जाने वाले कटर, पेचकस, दो प्लास, छैनी, तीन टोपी, तीन जोड़ी हैंड ग्लव्स और तीन मास्क भी बरामद किए गए हैं।

बारिश की रात फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पहुंचे थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर सोसायटी और सेक्टरों में बंद पड़े मकानों तथा फ्लैटों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी ज्यादातर दिल्ली में चोरी की घटनाएं करते थे।

आरोपियों के अनुसार, 11 और 12 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात वे वैगनआर कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर नोएडा पहुंचे थे। उन्होंने सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट की रेकी की। उस रात बारिश हो रही थी। इसके बाद उन्होंने सोसायटी के कॉर्नर पर कार खड़ी की और अपने साथियों के साथ दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए। एक साथी योजना के अनुसार कार में ही रुका रहा।

पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहन रखी थी। सोसायटी के अंदर पहुंचकर उन्होंने बंद पड़े फ्लैटों के ताले तोड़े और वहां से कीमती सामान चोरी कर लिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के दौरान वे आसपास के फ्लैटों के दरवाजों की बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें और उनकी गतिविधियों में कोई बाधा न आए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो जाते थे और अलग-अलग स्थानों पर चले जाते थे। कुछ दिन बीतने के बाद सभी आरोपी एकत्र होकर चोरी किए गए सामान का आपस में बंटवारा कर लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. वीरेंद्र उर्फ सोनू पुत्र सुल्तान सिंह, निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली, उम्र 35 वर्ष।
  2. सन्नी उर्फ सोनू पुत्र रोशनलाल, निवासी आजादपुर, दिल्ली, वर्तमान पता मुकुंदपुर, दिल्ली, उम्र 39 वर्ष।
  3. जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना पुत्र स्वर्गीय रामविलास मौर्य, निवासी मनीपुर मांट, थाना छपिया, जिला गोंडा, उम्र 31 वर्ष।

बरामद सामान की अनुमानित कीमत लाखों में

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, बरामद 100 ग्राम पीली धातु के बिस्कुट की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये, सोने के हार की कीमत करीब 8.5 लाख रुपये, दो ईयर रिंग की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये, सफेद धातु की सिल्ली की कीमत करीब 3.5 लाख रुपये, घड़ी की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये और पीली धातु के ब्रेसलेट की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त एक लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। आरोपी सन्नी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सन्नी उर्फ सोनू के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। वीरेंद्र उर्फ सोनू के खिलाफ भी दिल्ली के वसंत कुंज और द्वारका थानों में चोरी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

सेक्टर-49 थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमा संख्या 349/2026 में तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों और गिरोह से जुड़े संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से बंद फ्लैटों और मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह की गतिविधियों पर महत्वपूर्ण अंकुश लगने की उम्मीद है। चार पुलिस टीमों की मेहनत, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और सर्विलांस की मदद से इस चोरी की घटना का खुलासा किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें