लखनऊ :
पत्नी ने प्रेमी संग मिला कर पति की हत्या की रची थी साजिश,महिला समेत पांच गिरफ्तार।
6 लाख रुपये में दी गई थी सुपारी, प्रेमी निकला सिपाही।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना अलीगंज क्षेत्र में अनुराग शुक्ला पर हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम प्रसंग और साजिश की ऐसी कहानी सामने आई है जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। हैरानी की बात यह है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड उत्तर प्रदेश पुलिस का एक सिपाही निकला। अनुराग की हत्या के लिए छह लाख रुपये में सुपारी तय की गई थी। डीसीपी उत्तरी की स्वाट/सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
विस्तार :
DCP नार्थ अमित कुमार आनंद के अनुसार गिरफ्तार पुलिस कर्मी नितिन राणा का वर्ष 2022 से आशी मिश्रा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन शादी के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा। आरोप है कि आशी ने पति पर दूसरी महिलाओं से बात-चीत करने का आरोप लगाते हुए नितिन से शिकायत की। इसके बाद दोनों ने अनुराग शुक्ला को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। हत्या की सुपारी छह लाख रुपये में तय की गई और वारदात को अंजाम देने के लिए अन्य युवकों को शामिल किया गया।
पुलिस के अनुसार 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे अलीगंज क्षेत्र में पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के निकट मातुल्य फास्ट फूड दुकान के बगल में अनुराग शुक्ला पर जानलेवा हमला किया गया। बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जो उनके दाहिने हाथ की बाजू में लगी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए थे। अनुराग की तहरीर पर अलीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी उत्तरी की स्वाट/सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साजिश की कड़ियां जोड़ीं। जांच में नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और आशी मिश्रा की भूमिका सामने आई।
पूछताछ में सामने आया कि हत्या के लिए तय छह लाख रुपये में से कुछ अग्रिम रकम नितिन ने मयंक के भाई शिवम को दी थी। वारदात के बाद दोबारा हमला करने की योजना बनाने के लिए नितिन ने आरोपियों को मेरठ बुलाया था लेकिन पुलिस ने दबिश देकर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल तमंचे को रास्ते में कहीं फेंकने की बात बताई है। पुलिस फरार आरोपी मनोज राजपूत की तलाश में दबिश दे रही है।
गिरफ्तार मयंक वशिष्ठ और शुभम शर्मा के खिलाफ बागपत जिले के बड़ौत थाने में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,360 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में साजिश से संबंधित धारा 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने घटना का सफल अनावरण करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)