लखनऊ :
अवैध हुक्का बार में पुलिस का छापा दो गिरफ्तार,कैफे मालिक पर केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में कैफे की आड़ में अवैध रूप से हुक्का संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर गोमतीनगर पुलिस ने शहीद पथ किनारे विनय खंड स्थित बैग्लो कैफे में छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से पांच हुक्का सेट और दो चिलम बरामद की हैं। कैफे संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर की रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि विनय खंड स्थित बैग्लो कैफे में अवैध रूप से हुक्का संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान मौके से सुधीर वसुमाता (24), निवासी अर्जनगढ़, नई दिल्ली और प्रशांत वाजपेयी (21), निवासी सीतापुर, हाल पता चिनहट, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से पांच हुक्का सेट और दो चिलम कब्जे में लीं। इस मामले में थाना गोमतीनगर में मु0अ0सं0 0508/2026 के तहत धारा 223, 271, 272 बीएनएस और धारा 13(क) कोटपा अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कैफे मालिक ऋषि विश्वकर्मा को भी अभियोग में नामजद किया है। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों युवकों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जमानत मुचलके पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)