मऊ :
बदहाल सड़कों और जलभराव पर ‘आप’ का हल्लाबोल, सद्बुद्धि यज्ञ कर मंत्री-पलिका अध्यक्ष के खिलाफ जताया आक्रोश।
।। देवेन्द्र कुशवाहा ।।
दो टूक : मऊ शहर में बदहाल सड़क, जलभराव, जाम और गंदगी जैसी जनसमस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। डुमरांव मोड़ और डुमरांव रोड की दुर्दशा से नाराज जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदर्शनकारियों ने सद्बुद्धि यज्ञ कर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को जनसमस्याओं के प्रति गंभीर होने की कामना की।
नाली के गंदे पानी में प्रवाहित किए पुतले और चित्र
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने नगर विकास मंत्री और पालिका अध्यक्ष के पुतले व चित्र नाली के गंदे पानी में खड़े कर प्रतीकात्मक रूप से प्रवाहित किए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बार-बार शिकायतों और आश्वासनों के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। नालियां जाम होने से सड़कों पर गंदा पानी जमा रहता है। जलभराव, जाम और फुटपाथ की कमी के चलते दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब कोरे आश्वासनों से काम नहीं चलेगा: विक्रम जीत सिंह
जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि जनता वर्षों से गंदगी, जलभराव और जाम की समस्या झेल रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। अब जनता चुप नहीं बैठेगी। जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होगी।
नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के समापन पर जिलाधिकारी को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू को सौंपा गया। इसमें डुमरांव मोड़ की जाम नालियों की सफाई और सुचारु जलनिकासी, जलभराव का स्थायी समाधान, जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, डुमरांव रोड पर फुटपाथ निर्माण तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। इसके अलावा क्षेत्र में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में अंशु सिंह, अवधेश मौर्य, संजय राजभर, मोनू सिंह, दुर्गा पांडेय, संतोष पांडेय, बुच्ची राजभर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)