लखनऊ :
शहीद पथ किनारे बाइक से बेच रहा था गांजा हुआ गिरफ्तार,गांजा बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना पीजीआई पुलिस ने गांजा बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वृंदावन योजना में शहीद पथ किनारे सीवेज प्लांट के पास सुनसान सर्विस लेन पर स्प्लेंडर बाइक खड़ी कर गांजे की बिक्री कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 किलो 370 ग्राम गांजा, स्प्लेंडर बाइक, 2500 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
विस्तार :
थाना पीजीआई प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार, 20 नवंबर को वृंदावन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बंसल पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शहीद पथ किनारे सीवेज प्लांट के पास सर्विस लेन पर एक युवक बाइक से गांजा बेच रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बाइक पर बैठे युवक को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर जेब और मोटरसाइकिल के हैंडल पर टंगी काली पॉलीथिन से कुल 1.370 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित गुप्ता (24) पुत्र प्रमोद गुप्ता, निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कोतवाली बाराबंकी के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में चोरी-छिपे गांजा बेचने की बात स्वीकार की है। बरामदगी के आधार पर पीजीआई थाने में मुकदमा अपराध संख्या 594/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)