मऊ :
चुनाव-2027 की तैयारी तेज, संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की होगी पहचान।
●डीएम ने सेक्टर अधिकारियों को दिए निष्पक्ष मैपिंग,स्थलीय सत्यापन के निर्देश।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : विधानसभा चुनाव-2027 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर उनकी विस्तृत मैपिंग कराई जाएगी। इसके लिए सेक्टर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार :
मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र की संयुक्त अध्यक्षता में सेक्टर अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें संवेदनशील मतदान केंद्रों, वल्नरेबल क्षेत्रों और क्रिटिकल बूथों की पहचान के साथ वीएम-1 प्रारूप में सूचनाएं जुटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव और प्रलोभन के मतदान का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों और उनसे जुड़े इलाकों का स्थलीय निरीक्षण करें। मतदान केंद्रों तक पहुंचने के रास्तों, भौगोलिक स्थिति, स्थानीय परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि पिछले लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में दर्ज निर्वाचन अपराधों, आचार संहिता उल्लंघन, पुनर्मतदान और मतदान संबंधी शिकायतों का ब्योरा जुटाया जाए। पिछले एक वर्ष में हुए गंभीर अपराधों, जातीय-सांप्रदायिक घटनाओं, जिला बदर एवं निरुद्ध व्यक्तियों, शस्त्रों और आदतन अपराधियों से जुड़ी जानकारियां भी संकलित की जाएं।
डीएम ने विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों की समीक्षा करने को कहा, जहां पिछले चुनावों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और 75 प्रतिशत से ज्यादा मत किसी एक प्रत्याशी को मिले। इसके अलावा 10 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों तथा पिछले पांच वर्षों में हिंसा, बूथ कैप्चरिंग या निर्वाचन अपराधों के चलते पुनर्मतदान वाले केंद्रों को भी चिह्नित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वीएम-1 प्रारूप में सभी सूचनाएं अभिलेखों और वास्तविक तथ्यों के आधार पर निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराई जाएं। संवेदनशील इलाकों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम और शिविर भी लगाए जाएं। रिपोर्ट तैयार करने में लापरवाही या गलत जानकारी देने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। संवेदनशील क्षेत्रों की समय रहते पहचान कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रवेन्द्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार सहित संबंधित अधिकारी और सेक्टर अधिकारी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)