मऊ :
कार्तिक पूर्णिमा पर मां सरयू के तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,
लगाई आस्था की डुबकी।।
●ड्रोन से निगरानी और चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रही पुलिस।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के दोहरीघाट में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को मां सरयू के पावन तट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही रामघाट, जानकी घाट, गौरीशंकर घाट और मातेश्वरी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लाखों श्रद्धालुओं ने सरयू में पवित्र स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। हर-हर महादेव और जय मां सरयू के जयकारों से पूरा दोहरीघाट भक्तिमय हो उठा। कड़ाके की ठंड भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे बेअसर रही।
विस्तार :
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए सोमवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंगलवार भोर करीब चार बजे से घाटों पर स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। सूर्योदय होते-होते घाटों पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने सरयू में डुबकी लगाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर और मुक्तिधाम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
रामघाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां सरयू को चुनरी, नारियल, सेहरा और फल-फूल अर्पित किए। महिलाओं ने मंगलगीत गाते हुए नावों के जरिए नदी के मध्य पहुंचकर परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान किए। बड़ी संख्या में परिवारों ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। स्नान के बाद सत्यनारायण भगवान की कथा सुनने और प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला भी चलता रहा।
दान-पुण्य और भंडारों में उमड़ी भीड़
कार्तिक पूर्णिमा पर दान-पुण्य के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने गरीबों, साधु-संतों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और दक्षिणा दान की। जगह-जगह भंडारों का आयोजन हुआ, जहां लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मेला क्षेत्र में लगी दुकानों और झूलों पर भी बच्चों और परिवारों की भीड़ रही।
खाकी बाबा कुटी की वर्षों से प्रज्वलित अखंड ज्योत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। लोगों ने ज्योत में घी और तेल अर्पित कर परिवार की खुशहाली की कामना की। मुक्तिधाम परिसर में स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंगों और महाकाल के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
●नगर पंचायत ने किए सुविधाओं के इंतजाम।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से घाटों के आसपास साफ-सफाई, कपड़े बदलने के लिए टेंट और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था कराई गई थी। मातेश्वरी धाम परिसर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
●ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, नदी में तैनात रहे गोताखोर।
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पूरे मेला क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, जबकि कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी गतिविधियों पर नजर रखी गई। प्रमुख घाटों पर पुलिस, महिला पुलिसकर्मियों और पीएसी के जवान तैनात रहे। नदी में जल पुलिस और गोताखोर नावों के जरिए लगातार गश्त करते रहे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
करीब सात किलोमीटर के मेला क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार चक्रमण करते रहे। क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी, उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस टीमों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली।
●उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि स्नान पर्व को लेकर प्रशासन ने पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई थीं।
क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन से निगरानी के साथ नदी में जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती रही।
●पुलिस ने यातायात ब्यवस्था और सुरक्षा पर रखा पैनी जजर।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि प्रमुख घाटों और मेला क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
प्रशासन, पुलिस और नगर पंचायत के संयुक्त प्रयास से कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे दिन मां सरयू के तट पर श्रद्धा, भक्ति, दान-पुण्य और मेले की रौनक बनी रही।
●पूर्णिमा स्नान धार्मिक परंपरा और लोक संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश कर गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)