ताज़ा अपडेट
ताज़ा ख़बर
दो टूक मीडिया पर पढ़ें उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की निष्पक्ष और जमीनी खबरें। लखनऊ, गोण्डा, बलिया, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर समेत सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट। ई-पेपर पढ़ने के लिए ऊपर दिए गए ई-पेपर बटन पर क्लिक करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की सियासत में बड़ा उलटफेर: मीडिया रणनीतिकार निखिल सिंघल ने कांग्रेस का थामा हाथ, 100 से अधिक समर्थकों के साथ ली सदस्यता!!

फ़ॉन्ट आकार:
ख़बर की बड़ी बातें:
  • दो टूक मीडिया की ख़ास ग्राउंड रिपोर्ट और ताज़ा अपडेट।
  • घटना/मुद्दे से जुड़े सभी मुख्य पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल।
  • पूरी खबर नीचे विस्तार से पढ़ें और दोस्तों के साथ शेयर करें।

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की सियासत में बड़ा उलटफेर: मीडिया रणनीतिकार निखिल सिंघल ने कांग्रेस का थामा हाथ, 100 से अधिक समर्थकों के साथ ली सदस्यता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

NHRF अध्यक्ष निखिल सिंघल और ब्राह्मण समाज महासंघ के जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्रा कांग्रेस में शामिल, फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री समेत नोएडा के प्रमुख नागरिक मुद्दों को पार्टी के एजेंडे में शामिल कराने की उठाई मांग

दो टूक//नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026। नोएडा की राजनीति में गुरुवार को उस समय नई हलचल देखने को मिली, जब मीडिया एवं जनसंपर्क क्षेत्र के उद्यमी और नोएडा हाईराइज फेडरेशन (NHRF) के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ पूर्व मंडल उपाध्यक्ष एवं ब्राह्मण समाज महासंघ, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस राजनीतिक घटनाक्रम को नोएडा में कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने निखिल सिंघल और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान कांग्रेस के सह-प्रभारी संजीव आर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

निखिल सिंघल लंबे समय से नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। NHRF के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री, बिल्डरों की मनमानी, मेट्रो कनेक्टिविटी, सड़क, बिजली, पानी, यातायात, सुरक्षा, वायु प्रदूषण और हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट एवं अग्नि सुरक्षा जैसे विषयों पर लगातार आवाज उठाई है। इससे पहले वह सेक्टर-119 स्थित एल्डेको आमंत्रण सोसाइटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह विगोर मीडिया वर्ल्डवाइड के संस्थापक भी हैं।

फ्लैटों की रजिस्ट्री को कांग्रेस के प्रमुख एजेंडे में शामिल कराने की मांग

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निखिल सिंघल ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से उनका जुड़ाव हमेशा लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने से रहा है। नोएडा में पिछले कई वर्षों से नागरिक मुद्दों पर काम करते हुए उन्होंने आम लोगों की परेशानियों को नजदीक से देखा और समझा है। अब कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक मंच से जुड़कर वह इन समस्याओं को और प्रभावी ढंग से उठाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में लाखों फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री का लंबित रहना बेहद गंभीर विषय है। लोग अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर घर खरीदते हैं, लेकिन वर्षों तक उन्हें अपने ही घर की रजिस्ट्री के लिए संघर्ष करना पड़ता है। यह केवल संपत्ति का मामला नहीं, बल्कि मध्यमवर्गीय परिवारों के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़ा सवाल है।

निखिल सिंघल ने कांग्रेस पार्टी से विशेष आग्रह किया कि फ्लैटों की लंबित रजिस्ट्री के मुद्दे को पार्टी अपने प्रमुख राजनीतिक एजेंडे में शामिल करे, ताकि वर्षों से अपने घर की कानूनी रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे लाखों परिवारों की आवाज उचित राजनीतिक मंच पर मजबूती से उठाई जा सके।

नोएडा के नागरिक मुद्दों को लेकर करेंगे संघर्ष

उन्होंने कहा कि फ्लैट रजिस्ट्री के साथ-साथ मेट्रो कनेक्टिविटी, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी, प्रदूषण, सड़कों की स्थिति और हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी जैसे मुद्दे भी उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। उनका प्रयास होगा कि नोएडा के आम नागरिकों, युवाओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों की समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के मंच से वह जनहित के मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। साथ ही नोएडा में पार्टी को मजबूत करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और संगठन का विस्तार करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की रही बड़ी भागीदारी

सदस्यता कार्यक्रम में नोएडा शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विभिन्न हाईराइज सोसाइटियों के AOA अध्यक्षों और सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की। इस दौरान गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक चोटीवाला और महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव भी उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने निखिल सिंघल पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि उनके अनुभव, सक्रियता और जनसंपर्क से नोएडा में कांग्रेस पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने संगठन को विस्तार देने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के अंत में निखिल सिंघल ने सदस्यता समारोह में शामिल होने वाले सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सम्मानित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़कर काम करने की प्रेरणा देता है।

निखिल सिंघल के कांग्रेस में शामिल होने और उनके साथ 100 से अधिक लोगों के पार्टी से जुड़ने के बाद नोएडा की स्थानीय राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब देखना होगा कि नागरिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे निखिल सिंघल की राजनीतिक पारी नोएडा में कांग्रेस को कितना नया आधार और जनसमर्थन दिला पाती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी लिखें (Comment)


दो टूक का WhatsApp चैनल फॉलो करें