मऊ :
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की बैठक।
दो टूक : मऊ - गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने की।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्वाचन ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित मतदेय स्थलों पर कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।
निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में 10 मतदान केंद्रों पर 40 मतदान अधिकारी, 10 माइक्रो आब्जर्वर, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 5 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा समस्या से बचने के लिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों, मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी भली-भांति प्राप्त कर लें। मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।
बैठक में परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना, डीसी मनरेगा राजीव कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।
