लखनऊ :
दुर्गा पूजा-दशहरा पर रोडवेज बसों के संचालन को लेकर परिवहन मंत्री के सख्त निर्देश।
●बसों की फिटनेस से लेकर यात्रियों की सुविधाओं तक पुख्ता व्यवस्था के निर्देश।
दो टूक : आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के व्यवस्थित एवं सुदृढ़ संचालन को लेकर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालक-परिचालकों को यात्रियों से मृदुल एवं शिष्ट व्यवहार करने के निर्देश दिए।
विस्तार :
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि निगम की बसों का निर्धारित 31 एवं 13 बिंदुओं के मानक के अनुसार भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण तत्काल कराया जाए। परीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों का तत्काल निराकरण एवं मरम्मत सुनिश्चित की जाए। फिटनेस पूरी होने के बाद ही वाहनों का आउटशेडिंग कर संचालन किया जाए। सभी बसों को ऑन रोड स्थिति में रखते हुए शत-प्रतिशत संचालन के लिए तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बस अड्डों पर यात्रियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और साफ-सुथरे सुलभ शौचालय उपलब्ध कराने को कहा। बस स्टेशनों के शौचालयों के आसपास चूने का छिड़काव भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि मार्ग पर भेजने से पहले बसों की साफ-सफाई एवं फिटनेस का निरीक्षण किया जाए। बसों के शीशे टूटे या सीटें फटी हुई नहीं होनी चाहिए। यात्रियों के साथ चालक-परिचालक और बस स्टेशनों पर तैनात स्टाफ को शिष्ट एवं मृदुल व्यवहार के लिए समय-समय पर प्रशिक्षित किया जाए।
निर्देशों के अनुसार मार्ग में मिलने वाले यात्रियों को शिष्टाचार के साथ बस में बैठाया जाए और उनके गंतव्य स्थान पर सुरक्षित उतारा जाए। सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं दिव्यांगजन के आने पर यथासंभव बस में आरक्षित सीट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित वस्तुओं और ज्वलनशील पदार्थों को बसों में ले जाने की अनुमति कदापि न दी जाए। मार्ग में पड़ने वाले सभी बस स्टेशनों से होकर बसों का संचालन कराया जाए। सभी चालक एवं परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से वर्दी में रहें।
इसके अलावा बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्र को हमेशा क्रियाशील रखने, सभी बसों में फर्स्ट एड किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यात्रियों के घरेलू सामान का निर्धारित मानक से अधिक भार होने पर नियमानुसार बुक कराकर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम की बस सेवाओं को सुचारु, सुरक्षित और यात्री सुविधाओं से युक्त बनाए रखना प्राथमिकता है।
