गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

मऊ :नवागत सीडीओ ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण।।||Mau:The newly appointed CDO conducted a surprise inspection of various offices in the Vikas Bhawan.||

शेयर करें:
मऊ :
नवागत सीडीओ ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण।।
●समयबद्धता, अनुशासन और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए कड़े निर्देश।
दो टूक : मऊ जनपद के नवागत मुख्य विकास अधिकारी  ने गुरुवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा आमजन से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी), जिला अर्थ एवं संख्या विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता तथा युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा पर विशेष जोर
निर्वाचन से संबंधित अस्थायी डबल लॉकर के निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बाहर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन संबंधी अभिलेखों एवं सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कार्यालयों की पहचान और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
सीडीओ ने विकास भवन के सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय के बाहर कार्यालय का नाम एवं संबंधित पदनाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराया जाए, ताकि आमजन को अपने कार्य से संबंधित कार्यालय की पहचान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी दशा में गंदगी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा।
जनसमस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कार्यालयों में आने वाले आमजन की समस्याओं एवं उनके कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना से कार्य करते हुए जनपद के विकास को नई गति प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा और सुशासन है। विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित कर जनपद में विकास का प्रभावी वातावरण तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, उपायुक्त श्रम रोजगार राजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, सीडीओ के स्टेनो जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।