बागपत में गूंजी गुर्जर स्वाभिमान की हुंकार, 27 अक्टूबर को दिल्ली कूच का संकल्प; तालकटोरा स्टेडियम में जुटने का आह्वान!!
दो टूक//बागपत, 3 अक्टूबर 2026। बागपत स्थित गुर्जर भवन में शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी की अध्यक्षता में जनसंवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 27 अक्टूबर को पटेल जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने को लेकर समाज के लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संचालन तेजपाल प्रधान ने किया।
गुर्जर भवन पहुंचने पर बागपतवासियों ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं अतिथियों का पुष्पमालाओं और पटकों से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। जनसंवाद में बागपत जनपद के विभिन्न गांवों से आए प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समाज के उत्थान पर जोर दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने की आवश्यकता बताते हुए मृत्युभोज जैसी परंपराओं को समाप्त करने तथा विवाह समारोहों में डीजे पर रोक लगाने की अपील की। साथ ही गुर्जर भवनों के विकास और समाजहित से जुड़े कार्यों में सामूहिक सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि समाज की एकजुटता और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने के लिए सभी लोगों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से 27 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा और व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को अपने इतिहास, पूर्वजों के संघर्ष और समाज के योगदान को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और आपसी सहयोग को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.पी. सिंह कसाना, रामकेश चपराना, जगबीर दौला तथा गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। जनसंवाद के दौरान दर्जनों गांवों के प्रधानों और समाज के गणमान्य लोगों ने 27 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने तथा रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बागपत जिलाध्यक्ष कर्मवीर तोमर, मनु पाल बंसल, सुभाष गुर्जर, महेंद्र धामा, संजय प्रधान, प्रदीप प्रधान, विक्रम प्रधान, काशी प्रधान, प्रताप गुर्जर, धर्मवीर गुर्जर, वीर सेन सिंह, सतवीर भाटी, श्याम सिंह नेताजी, महाराज सिंह, विजय चंदीला, देव मुनि, संजय गुर्जर, मित्तल पहलवान और अजय नंबरदार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।।
