सोमवार, 28 सितंबर 2026

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे में सीईओ नरेंद्र सिंह बैसोया का निधन, बरौला गांव में शोक की लहर!!

शेयर करें:

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे में सीईओ नरेंद्र सिंह बैसोया का निधन, बरौला गांव में शोक की लहर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सीईओ नरेंद्र सिंह बैसोया का उपचार के दौरान निधन हो गया। नरेंद्र सिंह बैसोया नोएडा के सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में बाराबंकी में सीईओ के पद पर तैनात थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, गांव, पुलिस विभाग और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:15 बजे नरेंद्र सिंह बैसोया क्रेटा कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। ग्राम कौआ रम्पुरा के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में नरेंद्र सिंह बैसोया के साथ पुलिस लाइन बाराबंकी निवासी सिपाही योगेंद्र सिंह भी सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया है कि हादसे के समय कार की गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। दोनों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी और टक्कर के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के बाद यह हादसा हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना ऊसराहार प्रभारी नरेंद्र मिश्रा और यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी संतोष सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई पहुंचाया गया। अस्पताल में नरेंद्र सिंह बैसोया की हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

नरेंद्र सिंह बैसोया अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वह हर व्यक्ति से विनम्रता और आत्मीयता के साथ मिलते थे। पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने सहकर्मियों और परिचितों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी।

नरेंद्र सिंह बैसोया नोएडा के सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव निवासी स्वर्गीय मास्टर अतर सिंह के पुत्र तथा विनायक अस्पताल के संस्थापक एवं संचालक स्वर्गीय डॉ. वीरेंद्र सिंह के छोटे भाई थे। परिवार और समाज में उनका विशेष सम्मान था। उनके सरल व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के चलते वह परिवार, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और परिचितों के बीच प्रिय थे।

उनके असमय निधन से परिवार और समाज को गहरा आघात पहुंचा है। एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे नरेंद्र सिंह बैसोया के अचानक चले जाने से सभी स्तब्ध हैं। उनके निधन से परिवार ने अपना प्रिय सदस्य और पुलिस विभाग ने अपना एक कर्मठ साथी खो दिया।

नरेंद्र सिंह बैसोया का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बरौला, सेक्टर-49, गौतमबुद्ध नगर लाया जाएगा। उनके निधन की खबर के बाद बरौला गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।।