गोण्डा।। नवाबगंज- तरबगंज मार्ग पर लव्वाबीरपुर गांव के पास मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने- सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। तरबगंज थाना क्षेत्र के ताराडीह गांव निवासी परागदत्त (30) मंगलवार शाम अपने चचेरे भाई दीपू के साथ तीसरे चचेरे भाई सुनील को बाइक से लोलपुर छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज- तरबगंज मार्ग पर लव्वाबीरपुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में परागदत्त और दीपू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के दनघटा गांव निवासी शिवनाथ सवार थे। दुर्घटना में उन्हें मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी सरोज देवी के सिर में गंभीर चोट लगी। सरोज देवी को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान उनकी बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर की गई है। परिजनों को घटना सूचना दे दी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत की सूचना मिली है। परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।