सोमवार, 28 सितंबर 2026

लखनऊ : फर्जी हस्ताक्षर से सोसाइटी पर कब्जे का आरोप,केस दर्ज।।||Lucknow: Allegations of taking over a society using forged signatures, case registered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
फर्जी हस्ताक्षर से सोसाइटी पर कब्जे का आरोप,केस दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के थाना निगोहां क्षेत्र में संचालित एम एजुकेशनल सोसाइटी पर कथित फर्जी दस्तावेजों और जाली हस्ताक्षरों के जरिए कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने पांच नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर दर्ज मुकदमे में सोसाइटी की सचिव जाली अब्राहम ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
विस्तार : 
जानकारी के अनुसार लखनऊ निगोहां क्षेत्र शहीद नगर कॉलोनी निवासी जाली अब्राहम के मुताबिक वर्ष 2017 में उनके पति अब्राहम मैनेथ ने एम एजुकेशनल सोसाइटी का गठन किया था। सोसाइटी के अधीन एम इंटरनेशनल स्कूल संचालित होता है। पति अध्यक्ष, वह सचिव और उनका बेटा एबी अब्राहम उपाध्यक्ष था। एक अगस्त 2022 को पति की मृत्यु के बाद सोसाइटी की जिम्मेदारियों को लेकर विवाद शुरू हुआ।
आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद उनके देवर फिनि मैथ्यूस ने रोहित सिंह, रमेश कुमार उडकुड़ी और श्वेता शुक्ला समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके बेटे के फर्जी हस्ताक्षर कर दिसंबर 2023 में कूटरचित मीटिंग मिनट्स तैयार किए। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फिनि मैथ्यूस को सोसाइटी का अध्यक्ष दर्शाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि जनवरी 2024 में कथित फर्जी त्यागपत्र के जरिए उसे और उसके बेटे को प्रबंधकारिणी से बाहर कर दिया गया तथा रोहित सिंह को उपाध्यक्ष और रमेश कुमार को सचिव बनाया गया। अप्रैल 2024 में उसके बेटे के कथित फर्जी हस्ताक्षर से 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथपत्र तैयार कर डिप्टी रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का भी आरोप है।
शिकायत के मुताबिक मामले में हुई फॉरेंसिक जांच में मई 2026 में हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। इसके बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने आरोपियों की सूची निरस्त कर दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी विवाद और रंजिश के चलते 11 अगस्त 2026 को अनिल रोनाल्ड समेत कुछ लोग मानसरोवर प्रोजेक्ट योजना स्थित मकान में घुस आए और तोड़फोड़ व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर फिनि मैथ्यूस, रोहित सिंह, रमेश कुमार, श्वेता शुक्ला और अनिल रोनाल्ड समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।