लखनऊ :
रॉयल एनफील्ड डीलरशिप के नाम पर 6 लाख की ठगी,7 लाख की मांग, केस दर्ज।
●फर्जी वेबसाइट और ईमेल के जरिए कारोबारी को बनाया ठगी कख शिकार।।
दो टूक : लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग निवासी एक व्यक्ति को रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल की डीलरशिप दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार बनाए जाने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने फर्जी ईमेल आईडी और बैंक खातों के जरिए पीड़ित से दो किस्तों में कुल 6 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद साइट विजिट के नाम पर 7 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पीजीआई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना पीजीआई क्षेत्र सैनिक नगर, तेलीबाग निवासी कारोबारी दिनेश कुमार ने रॉयल एनफील्ड की डीलरशिप के लिए कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन किया था। इसके बाद उन्हें info@royalenfield.support से ईमेल प्राप्त हुई। जालसाजों ने खुद को कंपनी का रिलेशनशिप मैनेजर बताते हुए पंकज सिंह नाम के व्यक्ति के जरिए फोन पर बातचीत शुरू की।
पीड़ित के मुताबिक, 22 सितंबर को एरिया लॉक कराने के नाम पर उससे एक लाख रुपये जमा कराए गए। इसके बाद 24 सितंबर को एग्रीमेंट डिपॉजिट के नाम पर पांच लाख रुपये और एक खाते में आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करा लिए गए। भुगतान के बाद जालसाजों ने शोरूम ले-आउट और रसीद भी ईमेल के जरिए भेजी।
AI से डोमेन चेक करने पर खुला फर्जीवाड़ा
एग्रीमेंट को अंग्रेजी से हिंदी में ट्रांसलेट करते समय पीड़ित ने बैंक खाते और ईमेल डोमेन की जांच की। जांच में उसे पता चला कि इस्तेमाल किया जा रहा डोमेन रॉयल एनफील्ड का आधिकारिक डोमेन नहीं है। इसके बाद उसे अपने साथ साइबर फ्रॉड होने का शक हुआ और उसने तत्काल बैंक को सूचना दी।
पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका एक्नॉलेजमेंट नंबर 33109260259579 तथा लखनऊ साइबर क्राइम का CCN नंबर 3695/2026 बताया गया है।
6 लाख लेने के बाद अब 7 लाख की नई डिमांड
शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कथित पंकज सिंह लगातार पीड़ित से फोन पर संपर्क करता रहा। साइट विजिट की तारीख तय कराने के बाद एक और ईमेल भेजकर Royal Enfield Security Deposit Prior to Site Visit के नाम पर 7 लाख रुपये जमा करने को कहा गया। इसके लिए एक नया बैंक खाता भी भेजा गया। पीड़ित को आशंका है कि जालसाज उसे लगातार ठगी के जाल में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित ने 27 सितंबर को पीजीआई थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ठगी के के शिकार कारोबारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले में इस्तेमाल ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच कर रही है।
