गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र में गोण्डा -बलरामपुर राजमार्ग पर नयेगांव पेट्रोल पंप के आगे मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, कस्बा इटियाथोक निवासी सूरज गुप्ता पुत्र सज्जन गुप्ता अपने साथ बाइक पर दो युवकों को लेकर पारासराय की ओर जा रहे थे। बाइक पर बैठा एक युवक उनका पड़ोसी रिंकू पुत्र शिवकुमार कसौधन है, जबकि दूसरा युवक कस्बे के ही बाबागंज रोड का निवासी अभय पुत्र लालाबाबू शर्मा है। तीनों एक ही प्लैटिना बाइक पर सवार थे। नयेगांव पेट्रोल पंप से आगे पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अज्ञात स्कूली वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल गोंडा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सूरज गुप्ता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अभय को परिजन जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं घायल रिंकू का इलाज चल रहा है, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष इटियाथोक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, दोनों शवों को पीएम के लिए भेजा गया है। अज्ञात फरार स्कूली वाहन की तलाश की जा रही है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।