लखनऊ :
महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव और ब्यूटी स्किल्स का प्रशिक्षण।
दो टूक : राजधानी के मोहनलालगंज कस्बे के पाण्डे कॉम्प्लेक्स में मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के तत्वावधान में जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित 15 दिवसीय कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा और ब्यूटी स्किल्स का प्रशिक्षण दिया गया।
विस्तार :
मोहनलालगंज रविवार को प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में मोहनलालगंज कोतवाली के उपनिरीक्षक शरवेज आलम, महिला उपनिरीक्षक मेघा तिवारी और सुधा सिंह ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षुओं को महिला हेल्पलाइन सहित विभिन्न सहायता नंबरों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराध से बचने के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया।
द्वितीय सत्र में विशेषज्ञ डॉ. राखी मिश्रा और मेकअप आर्टिस्ट दीपमाला ने त्वचा की देखभाल एवं हाइड्रा फेशियल का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को त्वचा के प्रकार, स्किन केयर की सही प्रक्रिया और हाइड्रा फेशियल के विभिन्न चरणों की जानकारी देने के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण भी कराया गया।
वहीं तृतीय सत्र में नेल आर्ट विशेषज्ञ शिप्रा श्रीवास्तव ने विभिन्न नेल आर्ट तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि ब्यूटी और नेल आर्ट जैसे कौशल सीखकर महिलाएं कम लागत में स्वरोजगार शुरू कर अपनी आय का साधन विकसित कर सकती हैं।
कार्यक्रम प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। इस मौके पर निशा यादव, विपिन यादव, वर्षा सहित अन्य सहयोगी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
