लखनऊ :
बिक्री का पैसा जमा कर लौट रहे शराब दुकानदार पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से पीटा।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र कनकहा में देशी शराब की दुकान के मालिक और उसके साथी पर दबंगों ने लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार के उन्नाव के असीवन निवासी दुर्गा प्रसाद जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कनकहा में उनकी सरकारी देशी शराब की दुकान है। आरोप है कि शनिवार शाम रंजीतखेड़ा गांव का एक व्यक्ति दुकान पर शराब मांगने आया था। शराब देने से मना करने पर उसने विवाद किया और वहां से चला गया।
पीड़ित के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे वह कनकहा स्थित केनरा बैंक में दुकान की बिक्री का पैसा जमा करने के बाद साथी आनंद यादव निवासी गढ़ी के साथ बाइक से लौट रहा था। रंजीतखेड़ा पुलिया के पास पहुंचते ही धर्मराज, करन और सूरज टिड्डा समेत आधा दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में दोनों की जमकर पिटाई की गई। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान बैग में रखे 18 हजार रुपये तथा उंगलियों में पहनी सोने और चांदी की अंगूठियां भी गायब हो गईं।
पीड़ित ने आरोपियों के दबंग गिरोह से जुड़े होने का दावा करते हुए भविष्य में जान-माल का खतरा भी जताया है। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
●आरओ प्लांट पर चोरों का धावा, सीसीटीवी कैमरे और जनरेटर चोरी।
लखनऊ के निगोहां कस्बा नगराम मोड़ के पास संचालित आरओ प्लांट को चोरों ने निशाना बना लिया। बेखौफ चोर प्लांट के बाहर रखा जनरेटर और बाद में परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर निगोहां पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायबरेली के बछरावां कस्बे के सत्यनारायण टोला निवासी अवनीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि निगोहां के नगराम मोड़ के पास उनका आरओ प्लांट संचालित है। आरोप है कि 27 अगस्त को प्लांट के बाहर रखा जनरेटर और 25 सितंबर को प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए गए।
चोरी की घटनाओं से प्लांट संचालक को आर्थिक नुकसान के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
