अम्बेडकर नगर :
वेतन व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एमएलसी हरिओम पांडे को सौंपा ज्ञापन।।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
।। पूनम तिवारी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के बी-पैक्स समितियों में कार्यरत कर्मचारियों ने राजकीय सहायता से वेतन दिलाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर 7 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी महाजुटान कर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
साधन समिति सचिव परिषद के अध्यक्ष वशिष्ठ कुमार शुक्ल एवं संरक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा से संचालित कर रहे हैं, लेकिन समय से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में भी मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वेतन भी लंबित बताया गया।
कर्मचारियों ने बी-पैक्स समितियों में कार्यरत सभी कर्मचारियों को राजकोषीय सहायता से लागू वेतनमान के अनुसार वेतन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। जिला मीडिया प्रभारी नीरज त्रिपाठी ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 7 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन के बाद क्रमिक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद नवंबर में कार्य बहिष्कार, हड़ताल और तालाबंदी जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव सहकारिता, सहकारिता मंत्री और मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है। इस दौरान बागीश पांडे, सुरेंद्र तिवारी, अनुराग तिवारी, कुलदीप तिवारी, जसवंत यादव, अनिल सिंह, महेंद्र सिंह, अंकुर वर्मा, सुरेंद्र वर्मा समेत करीब दो दर्जन सचिव मौजूद रहे।
