सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: थाना फेस-3 से चंद कदम दूर मीडिया कर्मी के घर दिनदहाड़े चोरी, लाखों की ज्वैलरी और नकदी ले उड़े चोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: थाना फेस-3 से चंद कदम दूर मीडिया कर्मी के घर दिनदहाड़े चोरी, लाखों की ज्वैलरी और नकदी ले उड़े चोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े एक मीडिया कर्मी के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। मकान नंबर D-6/5 में हुई चोरी की वारदात में करीब 5 से 6 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और लगभग 12 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात थाना फेस-3 से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर हुई।

जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना सोमवार को सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। घर में रखी कीमती ज्वैलरी और नकदी समेटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान और वारदात के खुलासे के प्रयास में जुटी है।

वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शिव शक्ति अपार्टमेंट के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों ने सोसाइटी और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

थाना फेस-3 से इतनी कम दूरी पर चोरी की घटना होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दिन के समय और थाना क्षेत्र के इतने करीब चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं, तो रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ जाती है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी का जल्द खुलासा होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वारदात को कितने लोगों ने अंजाम दिया और क्या आरोपी पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।।