लखनऊ :
नशे की डिलीवरी से पहले पुलिस की दस्तक,दो तस्कर गिरफ्तार सात किलो गांजा बरामद।।
दो टूक : लखनऊ के थाना नगराम पुलिस ने एक बार फिर नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है नशे के सौदागरों के कब्जे से 7.288 किलो अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है, के अलावा एक मोटरसाइकिल, 2100 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
विस्तार :
नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के मुताबिक, 5 अक्टूबर को नगराम पुलिस टीम हरदोइया बैराज से नहर पटरी रोड पर ग्राम चन्दीदीन घोड़सारा के पास नहर पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान UP41 BH 4129 नंबर की काले-नीले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों के कब्जे से 7.288 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार गौतम (20), निवासी करोरा, थाना नगराम और अंकुश कुमार कोरी उर्फ नवीन (19), निवासी हुसैनाबाद, थाना लोनीकटरा, बाराबंकी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लखनऊ और आसपास के जिलों से गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गांजे की सप्लाई के लिए जा रहे थे, तभी चेकिंग के दौरान पकड़ लिए गए।
बरामदगी के आधार पर नगराम थाने में मु0अ0सं0 147/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
